दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका, कार से उतरते ही युवक की हत्या
उत्तराखंड से सटे रामपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार तीन युवकों ने कार से उतर रहे एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद हमलावर बाइक से मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना रुद्रपुर से सटे उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान संदीप चौहान उर्फ सन्नी उर्फ सनिया (28) पुत्र तेजपाल निवासी ग्राम मोहम्मदगंज, थाना मीरगंज, बरेली के रूप में हुई है। वर्तमान में वह सुभाषनगर डिबडिबा, थाना बिलासपुर, रामपुर में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक, संदीप गुरुवार सुबह कार से डिबडिबा क्षेत्र में जा रहा था। इसी दौरान वह शराब की भट्ठी के पास कार से उतरकर खड़ा हुआ। तभी बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से संदीप गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच तीनों हमलावर बाइक से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिलासपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संदीप को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।


उत्तराखंड में मौसम का डबल अटैकः पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी, येलो अलर्ट