नदी किनारे झाड़ियों में मिला 10 दिन पुराना शव, युवक की पहचान नहीं होने से बढ़ी पुलिस की चिंता
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के भोगपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव काफी पुराना होने के कारण आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण लकड़ियां लेने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर वन विकास निगम के खनन तौल कांटे से कुछ दूरी पर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। शव देखते ही उन्होंने इसकी सूचना रानीपोखरी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह खोलिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, युवक की उम्र करीब 30 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव लगभग 10 से 12 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
जांच के दौरान प्रारंभिक जानकारी मिली है कि कुछ दिन पहले एक युवक इस इलाके में घूमता हुआ दिखाई दिया था। बताया जा रहा है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नदी किनारे मिला शव उसी युवक का हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संभावना की पुष्टि नहीं की है।
थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह खोलिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


कंगना रनौत के पुराने वीडियो पर छिड़ा विवाद, भ्रामक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ मुकदमा