सड़क हादसों से दहला उत्तराखंड, पीएम मोदी से राहुल गांधी तक ने जताई संवेदना
उत्तराखंड में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। तीनों नेताओं ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर, रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी गढ़वाल की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुए सड़क हादसों में लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गूलर घाटी में हुए बस हादसे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस का दुर्घटनाग्रस्त होना बेहद दुखद है। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को ऋषिकेश एम्स सहित अन्य चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश भी दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से घायलों के उपचार में किसी तरह की कमी न रहने देने और प्रभावितों को हरसंभव मदद देने को कहा।
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टिहरी गढ़वाल और बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर हुए सड़क हादसों में लोगों की मौत तथा कई लोगों के घायल होने पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।


कंगना रनौत के पुराने वीडियो पर छिड़ा विवाद, भ्रामक पोस्ट डालने वालों के खिलाफ मुकदमा